home page

मंत्री ने की अकवान तूफान से फसल क्षति और फसल बीमा मुआवजा भुगतान की उच्चस्तरीय समीक्षा, दिये कई निर्देश

 | 
मंत्री ने की अकवान तूफान से फसल क्षति और फसल बीमा मुआवजा भुगतान की उच्चस्तरीय समीक्षा, दिये कई निर्देश


रांची, 23 नवंबर (हि.स.)। कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की की अध्यक्षता में मंगलवार को ‘अकवान’ तूफान से प्रभावित किसानों की फसल क्षति एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीआई) के तहत बीमा मुआवजा भुगतान की स्थिति को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि विभाग के निदेशक, संयुक्त निदेशक, संबंधित पदाधिकारी, बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि, फसल बीमा योजना के नोडल पदाधिकारी, बीमा कंपनियों तथा सभी जिलों के जिला कृषि पदाधिकारी एवं जिला सहकारिता पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसी भी किसान को फसल बीमा के लाभ से वंचित नहीं रखा जाए। बीमा मुआवजा प्राप्त करने की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक कागजी प्रक्रिया अथवा तकनीकी बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं और यह सुनिश्चित करना विभाग एवं बीमा कंपनियों की जिम्मेदारी है कि प्रभावित किसानों को समय पर उनका उचित मुआवजा मिले।

मंत्री ने प्रत्येक जिले में किसानों के बीमा दावों की निगरानी के लिए विशेष डैशबोर्ड तैयार करने का निर्देश दिया। इस डैशबोर्ड का एक्सेस कृषि विभाग, कृषि निदेशालय, बैंकों एवं बीमा कंपनियों को उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि आवेदनों और बीमा दावों की स्थिति पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

उन्होंने किसानों से अपील की कि स्थानीय आपदा अथवा फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान की स्थिति में फसल क्षति की सूचना क्षति होने की तिथि से 72 घंटे के भीतर टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14447 पर अनिवार्य रूप से दें। सूचना प्राप्त होने के 48 घंटे के भीतर संबंधित बीमा कंपनी की ओर से नुकसान के आकलन के लिए टीम भेजी जाएगी।

किसानों को बीमा दावों की प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रत्येक जिले में जिला कृषि पदाधिकारी एवं संबंधित बीमा कंपनियों के माध्यम से पांच-पांच व्हाट्सऐप नंबर जारी करने का निर्देश दिया गया। इन नंबरों के माध्यम से किसान अपनी फसल क्षति की सूचना एवं बीमा दावों से संबंधित आवेदन सीधे भेज सकेंगे।

मंत्री ने जिलावार हुई वर्षा, फसल क्षति एवं प्राप्त बीमा दावों की स्पष्ट और तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार करने का भी निर्देश दिया। इसका उद्देश्य वास्तविक रूप से प्रभावित किसानों की पहचान कर उनके बीमा दावों का त्वरित एवं न्यायसंगत निष्पादन सुनिश्चित करना है।

बैठक में मंत्री ने झारखंड सरकार की किसान हितैषी पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि झारखंड देश का एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार के निर्धारित अंशदान के अतिरिक्त किसानों के हिस्से के प्रीमियम का भुगतान भी राज्य सरकार द्वारा किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों पर आर्थिक बोझ कम करना तथा अधिक से अधिक किसानों को फसल बीमा योजना से जोड़कर प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान के विरुद्ध सुरक्षा प्रदान करना है।

मंत्री ने सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों, बैंकों एवं बीमा कंपनियों को मिशन मोड में काम करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को उनके बीमा मुआवजे के लिए अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सरकार किसानों के साथ खड़ी है और प्रभावित किसानों को उनका हक दिलाने में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे