home page

आईसीसी माइनिंग समिट में झारखंड के खनन क्षेत्र की संभावनाओं पर मंथन

 | 
आईसीसी माइनिंग समिट में झारखंड के खनन क्षेत्र की संभावनाओं पर मंथन


रांची, 27 नवंबर (हि.स.)। झारखंड के खनन क्षेत्र में निवेश बढ़ाने, कारोबार की सुगमता और खनिज प्रशासन को मजबूत बनाने की रणनीति पर शुक्रवार को रांची के होटल चाणक्य बीएनआर में आयोजित 7वें आईसीसी माइनिंग समिट में शुक्रवार को व्यापक मंथन किया गया।

इंडियन चेंबर ऑफ कॉमर्स (आईसीसी) के झारखंड स्टेट काउंसिल की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, खनन विशेषज्ञों और संस्थागत अधिकारियों ने राज्य के खनन क्षेत्र की संभावनाओं और चुनौतियों पर विचार साझा किया।

इस अवसर पर झारखंड माइनिंग विजन 2030 शोध प्रकाशन का लोकार्पण किया गया।

नवंबर 2026 में प्रकाशित इस शोध पत्रिका में निवेश आकर्षित करने, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और मिनरल गवर्नेंस को बेहतर बनाने की रूपरेखा प्रस्तुत की गई है।

कार्यक्रम की शुरुआत आईसीसी झारखंड स्टेट काउंसिल के चेयरमैन डॉ. अमृतांशु प्रसाद के स्वागत संबोधन से हुई। मेकॉन के डायरेक्टर (टेक्निकल) अमित राज ने थीम एड्रेस दिया, जबकि हिंडालको के प्रेसिडेंट (माइंस) बिजेश झा ने विशेष संबोधन किया।

मेकॉन के सीएमडी संजय कुमार वर्मा ने भी विचार रखा।

समिट में तीन तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। पहले सत्र में महत्वपूर्ण खनिजों की खोज, उत्खनन, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन के साथ नीतिगत सुधार, घरेलू क्षमता और आयात निर्भरता कम करने पर चर्चा हुई।

दूसरे सत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑटोमेशन, आईओटी और डिजिटल तकनीक के जरिए खनन उत्पादकता, सुरक्षा एवं परिचालन दक्षता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

तीसरे सत्र में सतत खनन और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन पर विमर्श हुआ। इसमें ईएसजी अनुपालन, खदानों का पुनर्वास, भूमि बहाली, जल संरक्षण और अपशिष्ट प्रबंधन जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।

इनोवेट, कोलैबोरेट, सस्टेन’ थीम पर आयोजित समिट में विशेषज्ञों ने तकनीकी नवाचार, नीतिगत सुधार और पर्यावरणीय जिम्मेदारी को झारखंड के खनन क्षेत्र के भविष्य के लिए जरूरी बताया।

इस अवसर पर रुंगटा माइंस के सीजीएम (कोल माइंस) मनवेंद्र कुमार, हिंडालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड की एवीपी एवं हेड (सस्टेनेबिलिटी) अनूमा बसु और डेलॉयट की पार्टनर डॉ अमृता गांगुली सहित अन्य गणमान्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar