home page

होली से पहले रांची के हिनू में मिनी शराब फैक्ट्री का खुलासा, तीन शराब तस्कर गिरफ्तार

 | 
होली से पहले रांची के हिनू में मिनी शराब फैक्ट्री का खुलासा, तीन शराब तस्कर गिरफ्तार


रांची, 3 मार्च (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची में होली से पहले आबकारी विभाग ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हिनू क्षेत्र में संचालित एक मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।

गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में तैयार नकली शराब, सैकड़ों खाली बोतलें, ढक्कन, कॉर्क और पैकिंग सामग्री बरामद की गई है। मौके से तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

सहायक आयुक्त उमा शंकर सिंह के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम ने विशेष अभियान चलाया। इसी दौरान सूचना मिली कि हिनू क्षेत्र में अवैध कारोबारी ऑनलाइन ऑर्डर लेकर नकली शराब की आपूर्ति कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने पर विभाग ने गुप्त ऑपरेशन शुरू किया। आबकारी विभाग के एक सब-इंस्पेक्टर ने खरीदार बनकर शराब का ऑर्डर दिया। जैसे ही आरोपित शराब लेकर पहुंचे, टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और फिर छापेमारी की कार्रवाई की गई।

छापेमारी के दौरान हिनू स्थित एक मकान में मिनी फैक्ट्री का खुलासा हुआ। मौके से महुआ से बनी नकली शराब की बड़ी खेप, खाली बोतलें, ढक्कन, कॉर्क और अन्य पैकिंग सामग्री जब्त की गई। होली के मद्देनजर शहर में शराब की बढ़ती मांग को देखते हुए आरोपित बड़े पैमाने पर उत्पादन और वितरण की तैयारी कर रहे थे।

आबकारी विभाग के सब-इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपित ऑनलाइन ऑर्डर लेकर नकली शराब की आपूर्ति करते थे। छापेमारी में रौनक कुमार, पवन कुमार और मुन्ना को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि आरोपितों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये चोरी की बाइक और स्कूटर के जरिए विभिन्न इलाकों में शराब की डिलीवरी करते थे। मौके से एक स्कूटर और एक बाइक भी जब्त की गई है, जिनका उपयोग परिवहन में किया जाता था। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे