शिक्षा, भाईचारे और संगठन मजबूती के संदेश के साथ मिल्ली काउंसिल का जिला सम्मेलन संपन्न
रामगढ़, 04 अक्टूबर (हि.स.)। शिक्षा, सामाजिक एकजुटता और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के संकल्प के साथ ऑल इंडिया मिल्ली काउंसिल, झारखंड प्रदेश का रामगढ़ जिला स्तरीय संगठनात्मक निर्वाचन सम्मेलन रविवार को बिंझार स्थित मान्या पैलेस बैंक्वेट हॉल में संपन्न हुआ।
सम्मेलन में संगठन के विस्तार के साथ शिक्षा को बढ़ावा देने, जरूरतमंदों की मदद और समाज में भाईचारे को मजबूत करने पर जोर दिया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ मजीद आलम ने की, जबकि संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष शाहनवाज खान ने किया। जिला संयोजक सागिर हुसैन के स्वागत भाषण से सम्मेलन की शुरुआत हुई।
प्रदेश महासचिव मो कुद्दूस अंसारी ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज को संगठित और मजबूत बनाने का आह्वान किया। दिल्ली से पहुंचे तैयब असगर ने गरीबों, यतीमों और जरूरतमंदों की मदद को इंसानियत का महत्वपूर्ण दायित्व बताया। उन्होंने प्रेम, दया, भाईचारे और इंसाफ के साथ कमजोर वर्गों का सहारा बनने की अपील की। उन्होंने सर सैयद अहमद खान के शैक्षणिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा समाज के विकास और सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम है।
कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. वकील अहमद रिजवी ने कहा कि बच्चों को दीनी और दुनियावी दोनों तरह की शिक्षा से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ज्ञान, संस्कार, नैतिकता और आधुनिक शिक्षा से लैस नई पीढ़ी ही समाज और देश की तरक्की में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
सम्मेलन के दौरान रामगढ़ जिला कमेटी का संगठनात्मक निर्वाचन कराया गया। क्यूम खान को अध्यक्ष और एहसानुल्लाह को महासचिव चुना गया। उपाध्यक्ष पद पर आजाद अंसारी, अंबरीन मंजर एवं सईद अख्तर को जिम्मेदारी दी गई। सचिव पद पर तौफीक अंसारी, बबलू खान, रेहाना परवीन एवं शहंशाह खान चुने गए। आजाद कुरैशी को कोषाध्यक्ष तथा शाहनवाज खान को चीफ कोऑर्डिनेटर बनाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

