home page

मनरेगा मजदूरों की लंबित मजदूरी का शीघ्र भुगतान करे केंद्र सरकार : नायक

 | 
मनरेगा मजदूरों की लंबित मजदूरी का शीघ्र भुगतान करे केंद्र सरकार : नायक


रांची, 30 जून (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने केंद्र सरकार से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत लंबित मजदूरी का अविलंब भुगतान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मजदूरों की मेहनत की कमाई को रोककर रखना गरीबों और ग्रामीण परिवारों के साथ अन्याय है। समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और हजारों परिवार आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।

मंगलवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में नायक ने कहा कि झारखंड का मनरेगा मद में बड़ा बकाया लंबित है, जिसमें मजदूरों की मजदूरी की भी उल्लेखनीय राशि शामिल है। उन्होंने कहा कि जिन श्रमिकों ने कठिन परिस्थितियों में काम किया है, उन्हें समय पर उनकी मजदूरी मिलना उनका अधिकार है और इसमें किसी प्रकार की देरी स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि झारखंड सहित कई राज्यों का लंबित भुगतान केंद्र सरकार को प्राथमिकता के आधार पर जारी करना चाहिए। नई योजनाओं और घोषणाओं से पहले पूर्व से लंबित भुगतान का निपटारा किया जाना आवश्यक है, ताकि मजदूरों को उनके परिश्रम का उचित प्रतिफल समय पर मिल सके।

विजय शंकर नायक ने कहा कि यह खेती और बुआई का मौसम है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की उपलब्धता और समय पर मजदूरी का भुगतान किसानों एवं मजदूरों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि मजदूरी का भुगतान समय पर नहीं होगा तो इसका सीधा असर खेती-किसानी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि गरीब, किसान और मजदूर अब अपने अधिकारों तथा लंबित मजदूरी के भुगतान को लेकर जवाब मांग रहे हैं। केंद्र सरकार को इस दिशा में तत्काल पहल करते हुए बकाया राशि जारी करनी चाहिए, ताकि ग्रामीण परिवारों को आर्थिक राहत मिल सके और मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण रोजगार योजना पर लोगों का विश्वास बना रहे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar