home page

सारठ में 600 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, पूर्व कृषि मंत्री ने मेडिकल-इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने का दोहराया संकल्प

 | 
सारठ में 600 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, पूर्व कृषि मंत्री ने मेडिकल-इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने का दोहराया संकल्प


देवघर, 01 अगस्त (हि.स.)। देवघर जिले के सारठ प्रखंड के शहरजोरी स्थित ऑडिटोरियम हॉल में शनिवार को पूर्व कृषि मंत्री रणधीर कुमार सिंह के सौजन्य से प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सारठ विधानसभा क्षेत्र के 40 विद्यालयों के करीब 600 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसपी माइंस चितरा कोलियरी के महाप्रबंधक मदन मोहन कुमार थे।

समारोह में वर्ष 2026 की मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित छात्र-छात्राएं प्लस टू उच्च विद्यालय सरसा, पत्थड्डा, चितरा, विकास विद्यालय पालोजोरी, जीएन सिंह प्लस टू उच्च विद्यालय कुकराहा, पट्टाजोरी, डीएवी पब्लिक स्कूल चितरा, इंटर कॉलेज चितरा, सनरेज हाई स्कूल, अनारकली प्लस टू विद्यालय पालोजोरी, प्लस टू उच्च विद्यालय गोपीबांध, उच्च विद्यालय बेलबरना सहित क्षेत्र के 40 विद्यालयों से थे।

इस अवसर पर पूर्व कृषि मंत्री रणधीर कुमार सिंह ने कहा कि उनका सपना सारठ विधानसभा क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना करना है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और उन्हें विश्वास है कि यह सपना जल्द साकार होगा।

पूर्व मंत्री ने बताया कि क्षेत्र के आठवीं से 10वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को नि:शुल्क कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। आने वाले समय में 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को कंप्यूटर प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त विद्यार्थियों को शीघ्र ही राज्यपाल के हाथों सम्मानित कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही सारठ विधानसभा क्षेत्र को डिजिटल विधानसभा क्षेत्र बनाने का संकल्प भी जल्द पूरा किया जाएगा।

रणधीर कुमार सिंह ने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों से अपील की कि जिन विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, वे उनसे संपर्क करें। ऐसे विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षक उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

मुख्य अतिथि मदन मोहन कुमार ने कहा कि प्रतिभा सम्मान समारोह का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि रणधीर कुमार सिंह पिछले 12 वर्षों से लगातार इस आयोजन का संचालन कर रहे हैं, जो शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिचायक है। उन्होंने विद्यार्थियों से कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि संस्कार, चरित्र निर्माण और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।

समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy