home page

मेगा ट्रेड फेयर में ऑफर्स और भीड़ से गुलजार रहा मोरहाबादी, समापन छह को

 | 
मेगा ट्रेड फेयर में ऑफर्स और भीड़ से गुलजार रहा मोरहाबादी, समापन छह को


रांची, 04 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी के मोरहाबादी मैदान में आयोजित 17 वां इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर का समापन सोमवार को होगा। मेले के समापन में मात्र दो दिन शेष हैं इसलिए अंतिम दिनों को देखते हुए स्टॉलधारकों की ओर से ग्राहाकों को आकर्षक ऑफर्स दिए जा रहे हैं। इसका लाभ उठाने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। शनिवार को दोपहर तीन बजे से ही खरीदारों का आना शुरू हो गया, जो रात तक जारी रहा। छुट्टी के कारण रविवार को भी मेले में इसी तरह भीड़ रहने की संभावना है। भीड को देखते हुए रविवार को फेयर रात 11 बजे तक खुला रहेगा। वहीं सभी हैंगरों में खरीदारों की अच्छी-खासी मौजूदगी देखी जा रही है।

ट्रेड फेयर में 08 देशों और 15 राज्यों के उत्पाद प्रदर्शित

ट्रेड फेयर में 08 देशों और 15 राज्यों के उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। यहां घर की सजावट के सामान, हैंडलूम-हैंडीक्राफ्ट, आर्टवर्क, फर्नीचर, ज्वेलरी, क्रॉकरी, लेडिस पर्स, फिरोजाबाद की चूड़ियां और आयुर्वेदिक उत्पाद लोगों को खासा आकर्षित कर रहे हैं। जयपुर का विशेष चूर्ण और बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के खिलौने भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

मेले में लगे आधार स्टॉल पर नाम सुधार सहित कई जरूरी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों को सुविधा मिल रही है। जींस कुर्ती 1500 रूपये और डिजाइनर ब्लाउज 1600 रूपये से शुरू होकर बिक रही है। वियतनाम का स्कर्ट टॉप, लेडीज शर्ट 800 रुपये में मिल रहा है।

बिना अल्कोहल वाला इत्र 100 रूपये में

फेयर में बिना अल्कोहल वाला इत्र 100 रूपये में उपलब्ध है। दुबई का कुल्फी भी लोगों को पसंद आ रहा है।

किड्स कार्निवाल में बच्चों ने जमकर उठाया आनंद

झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स की यूथ कमिटी के चेयरमैन अमित अग्रवाल और कार्यकारणी सदस्य पूजा ढाढा की ओर से किड्स कार्निवाल का आयोजन किया गया। किड्स कार्निवाल में 100 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। इस दौरान बच्चों ने बुकमार्क, कीरिंग, स्टोन आर्ट, ब्लॉक पेंटिंग, कॉफी पेंटिंग, क्ले आर्ट, कुल्हड़ आर्ट और दिया पेंटिंग जैसी रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लिया। बच्चों ने कई गेम्स भी खेले।

चेंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि यह लोगों के लिए खरीदारी का अंतिम और सुनहरा अवसर है। उन्होंने अपील किया कि जो लोग अब तक मेले में नहीं आ पाए हैं, वे इन आखिरी दिनों में जरूर पहुंचे और इस भव्य आयोजन का हिस्सा बनें।

सिटी एसपी, सरला बिरला यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर जेनरल और संथाल परगना प्रमंडल के चेंबर के पदाधिकारी भी पहुंचे थे।

वहीं रांची के सिटी एसपी पारस राणा, सरला बिरला यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर जेनरल गोपाल पाठक के अलावा संथाल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल अपने प्रमंडल के विभिन्न पदाधिकारियों के साथ ट्रेड फेयर पहुंचे। उन्होंने कई स्टालों का भ्रमण किया और आयोजन की तारीफ की।

इस अवसर पर चेंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, संथाल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak