रांची में अब तक की सबसे विशाल और भव्य रामनवमी मनाई जाएगी : सीपी सिंह
-175 अखाड़ों की बैठक में भव्य शोभायात्रा का लिया संकल्प
रांची, 22 मार्च (हि.स.)। श्री महावीर मंडल रांची महानगर की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को चैंबर भवन में आयोजित की गई, जिसमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों से महावीर मंडल एवं अखाड़ों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत मंडल के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय तिलक राज अजमानी को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर विधायक सीपी सिंह ने सभी रामभक्तों से आगामी रामनवमी शोभायात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष रांची में अब तक की सबसे विशाल और भव्य रामनवमी मनाई जाएगी।
महावीर मंडल रांची महानगर के अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने कहा कि जिन अखाड़ाधारियों को शोभायात्रा या झांकी निकालने में किसी प्रकार की समस्या हो रही है, वे महानगर के पदाधिकारियों से संपर्क करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
महामंत्री मुनचुन राय ने कहा कि महावीर मंडल सभी अखाड़ों और रामभक्तों के साथ मजबूती से खड़ा है और इस वर्ष रामनवमी को भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। वहीं, प्रवक्ता बादल सिंह ने कहा कि रांची के रामभक्तों का उत्साह देखते हुए आने वाले समय में यहां की रामनवमी देश की सबसे बड़ी और भव्य धार्मिक उत्सव के रूप में स्थापित होगी।
बैठक के दौरान महावीर मंडल और विभिन्न अखाड़ों के अध्यक्षों को अंगवस्त्र, तलवार और महावीरी झंडा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन रोहित शारदा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शेखर शरण ने प्रस्तुत किया।
बैठक में रांची के करीब 175 अखाड़ों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस अवसर पर संरक्षक पवन बजाज, शेखर शरण, प्रेम वर्मा, अमरिंदर सिन्हा पप्पू, अजय बथवाल, रमेश बाली, शिव गुप्ता एवं अशोक चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

