home page

सदर अस्पताल में ड्यूटी के समय किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीडीसी

 | 
सदर अस्पताल में ड्यूटी के समय किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीडीसी


रामगढ़, 06 जुलाई (हि.स.)। डीडीसी आशीष अग्रवाल ने सोमवार को सिविल सर्जन कार्यालय में एक महत्वपूर्ण साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलेे की स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पतालों की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की गई। सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार, डीएस डॉ हरेंन्द्र महतो, अस्पताल प्रबंधक अंतरा झा ने कई बिंदुओं पर पूरी जानकारी दी।

बैठक में डीडीसी ने सभी चिकित्सकों को नियमित और समयबद्ध रूप से अस्पताल में उपस्थित होने का कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के समय में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डॉक्टरों की ओर से मरीजों को दी जा रही सभी स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत चर्चा की गई। इसके साथ ही, ओपीडी सेवाओं की नियमितता और उनकी गुणवत्ता की भी बारीकी से समीक्षा की गई।

अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, रख-रखाव, चिकित्सा उपकरणों की क्रियाशीलता और नए आवश्यक उपकरणों की मांग पर चर्चा की गई। डीडीसी ने निर्देश दिया कि यदि किसी उपकरण की मरम्मत की आवश्यकता हो, तो उसे बिना किसी देरी के तुरंत ठीक कराया जाए।

अस्पताल की ओर से संचालित की जा रही एम्बुलेंस सेवाओं की भी समीक्षा की गई, ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर और त्वरित गति से एम्बुलेंस सेवा का लाभ मिल सके।

इस साप्ताहिक समीक्षा बैठक का मुख्य उद्देश्य सदर अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना और दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता में बड़ा सुधार लाना है। डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता को एक बेहतर, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित कराई जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश