home page

चार अक्टूबर को होगा मेकॉन क्रिकेट टीम के कोच का साक्षात्कार

 | 
चार अक्टूबर को होगा मेकॉन क्रिकेट टीम के कोच का साक्षात्कार


रांची, 29 सितंबर (हि.स.)। मेकॉन स्पोर्ट्स क्लब की ओर से मेकॉन क्रिकेट टीम के सत्र 2026-27 के लिए क्रिकेट कोच का चयन किया जाएगा। इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवारों का साक्षात्कार चार अक्टूबर 2026 को सुबह 9:30 बजे मेकॉन स्टेडियम में होगा। सभी पात्र उम्मीदवारों को सुबह नौ बजे क्रिकेट विंग, मेकॉन स्पोर्ट्स क्लब के सचिव विकास कुमार सिंह के समक्ष रिपोर्ट करना होगा। यह जानकारी सीमतिंनी साहु ने मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी।

विज्ञप्ति के अनुसार, एक नवंबर 2026 को उम्मीदवार की उम्र 64 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। आयु और जन्मतिथि के प्रमाण के लिए मूल दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य है। उम्मीदवार के पास कॉलेज, विश्वविद्यालय, क्रिकेट अकादमी, राज्य क्रिकेट संघ, जिला क्रिकेट संघ अथवा किसी सार्वजनिक उपक्रम (पीएसयू) की क्रिकेट टीम को कोचिंग देने का कम से कम तीन वर्ष का प्रासंगिक अनुभव होना चाहिए।

क्रिकेट अकादमी के अनुभव के लिए उसका न्यूनतम ए डिवीजन में पंजीकृत होना आवश्यक है। अनुभव के प्रमाण के रूप में संबंधित संस्था का अनुभव प्रमाण-पत्र अथवा नियुक्ति-पत्र प्रस्तुत करना होगा, जिसमें कोच के रूप में कार्य करने की अवधि स्पष्ट हो।

उम्मीदवार का शारीरिक एवं चिकित्सकीय रूप से स्वस्थ होना भी जरूरी है। इसके लिए पंजीकृत चिकित्सक द्वारा जारी मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। साक्षात्कार के दौरान आयु, अनुभव और मेडिकल फिटनेस से जुड़े सभी मूल दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar