मेकॉन को राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए नराकास का तृतीय पुरस्कार
रांची, 03 जुलाई (हि.स.)। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (उपक्रम), रांची की ओर से सीएमपीडीआई मुख्यालय में आयोजित बैठक सह पुरस्कार वितरण समारोह में मेकॉन लिमिटेड को राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए वर्ष 2025-26 का नराकास तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
यह सम्मान कार्यालयी कार्यों में हिंदी के बढ़ते उपयोग और राजभाषा नीति के प्रभावी अनुपालन के लिए दिया गया। यह जानकारी मेकॉन की सिमतिनती साहू ने शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी।
उन्होंने बताया कि समारोह में सीएमपीडीआई के निदेशक (तकनीकी-सीआरडी) नृपेंद्र नाथ और गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग, पूर्वी क्षेत्र (कोलकाता) के उप निदेशक (कार्यान्वयन) डॉ विचित्रसेन गुप्त ने मेकॉन के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया। मेकॉन की ओर से महाप्रबंधक (लौह निर्माण) और प्रभारी राजभाषा विश्वजीत कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक आनंद भारद्वाज एवं राजभाषा टीम के सदस्यों ने प्रमाणपत्र प्राप्त किया।
बैठक में सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन, कार्यालयी कार्यों में हिंदी के उपयोग को बढ़ाने तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस दौरान मेकॉन लिमिटेड की ओर से आयोजित स्मरण शक्ति प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने सरकारी कार्यालयों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को सुशासन और प्रभावी प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
कार्यक्रम में रांची स्थित विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों के कार्यालय प्रमुख, राजभाषा कार्य से जुड़े अधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

