home page

सेंट जेवियर्स कॉलेज में एमबीएसआई की नई कार्यकारिणी का गठन, अभ्या वर्मा बनीं अध्यक्ष

 | 
सेंट जेवियर्स कॉलेज में एमबीएसआई की नई कार्यकारिणी का गठन, अभ्या वर्मा बनीं अध्यक्ष


रांची, 03 सितंबर (हि.स.)। रांची स्थित सेंट जेवियर्स कॉलेज में माइक्रोबायोलॉजिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया (एमबीएसआई) की कॉलेज इकाई की ओर से ‘मेटानोईया- द पावर ट्रांसफर सेरेमनी’ का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान सोसाइटी की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

नई कार्यकारी टीम में अभ्या वर्मा को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि अभिषेक कुमार को महासचिव, मुस्कान कुमारी को उपाध्यक्ष और खुशी शर्मा को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। साथ ही, शफाक वाहिद, अनुपमा समद्दार, शगुन सिंह और श्रद्धा सारंगी को निदेशक मंडल की जिम्मेदारी दी गई है।

समारोह के दौरान सोसाइटी के पूर्व सदस्यों को उनके योगदान और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों और नए सदस्यों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए। नई कार्यकारिणी ने सोसाइटी के उद्देश्यों और गतिविधियों को आगे बढ़ाने तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत और औपचारिक सत्रों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। समूह गीत, स्वागत नृत्य, एकल गीत और समूह नृत्य की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

समारोह के सफल आयोजन में सेंट जेवियर्स कॉलेज के प्राचार्य डॉ. फादर रॉबर्ट प्रदीप कुजूर, एस.जे. और एमबीएसआई समन्वयक डॉ. अजय कुमार श्रीवास्तव का मार्गदर्शन रहा।

कार्यक्रम में सोसाइटी के पूर्व सदस्य, नवनियुक्त पदाधिकारी, नए सदस्य और कॉलेज के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। समारोह के माध्यम से नई कार्यकारिणी को जिम्मेदारी सौंपने के साथ-साथ विद्यार्थियों में वैज्ञानिक गतिविधियों और संगठनात्मक सहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar