home page

एमबीआईएनसीटी के 28 विद्यार्थी छह माह की क्लीनिकल इंटर्नशिप के लिए पुणे रवाना

 | 
एमबीआईएनसीटी के 28 विद्यार्थी छह माह की क्लीनिकल इंटर्नशिप के लिए पुणे रवाना


रांची, 15 जुलाई (हि.स.)। महादेवी बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड क्लीनिकल टेक्नोलॉजी (एमबीआईएनसीटी) के 28 विद्यार्थियों का दल बुधवार को छह माह की क्लीनिकल इंटर्नशिप के लिए पुणे स्थित आदित्य बिरला मेमोरियल हॉस्पिटल के लिए रवाना हुआ। संस्थान ने इसे विद्यार्थियों के व्यावसायिक कौशल और व्यावहारिक अनुभव को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

संस्थान की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थियों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं, उन्नत चिकित्सकीय प्रक्रियाओं तथा रोगी-केंद्रित देखभाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें अनुभवी चिकित्सकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में कार्य करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे अपने व्यावसायिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता और नैदानिक कौशल को और बेहतर बना सकेंगे।

सरला बिरला विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन तथा राज्यसभा सांसद एवं निदेशक (प्लानिंग एंड डेवलपमेंट) डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्लीनिकल इंटर्नशिप नर्सिंग शिक्षा का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह विद्यार्थियों को वास्तविक परिस्थितियों में कार्य करने का अनुभव प्रदान करती है और उन्हें एक कुशल एवं संवेदनशील स्वास्थ्यकर्मी बनने के लिए तैयार करती है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पुणे में प्राप्त प्रशिक्षण और अनुभव के आधार पर विद्यार्थी भविष्य में समाज को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण और मानवीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से संस्थान और विश्वविद्यालय की गरिमा बनाए रखते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपेक्षा जताई।

विद्यार्थियों को रवाना करने के अवसर पर संस्थान की प्राचार्या डॉ. सुबानी बाड़ा, नर्सिंग एडमिनिस्ट्रेटर आशुतोष द्विवेदी, उप-प्राचार्या डॉ. मीनल श्वेता, निरोलिन कुल्लू तथा अंजना मसीह सहित संस्थान के अन्य शिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण और पूर्ण निष्ठा के साथ प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने तथा संस्थान का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar