महापौर ने एम्स निदेशक से की मुलाकात, स्वास्थ्य सुविधाओं पर हुई चर्चा
देवघर, 11 जून (हि.स.)। देवघर के महापौर रबि राउत ने गुरुवार को एम्स देवघर के निदेशक प्रो डॉ नितिन एम गंगेन से औपचारिक मुलाकात की।
इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान ब्लड बैंक की उपलब्धता, आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था और आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
महापौर रबि राउत ने कहा कि यह एक औपचारिक मुलाकात थी, लेकिन इसके साथ ही कुछ महत्वपूर्ण जनहित के विषयों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं कैसे उपलब्ध कराई जा सके, इस पर विशेष रूप से बात की गई। महापौर ने एम्स, देवघर की स्वास्थ्य व्यवस्था और संचालन की सराहना करते हुए कहा कि निदेशक के मार्गदर्शन में संस्थान उत्कृष्ट कार्य कर रहा है और मरीजों का सरल और व्यवस्थित तरीके से उपचार किया जा रहा है।
महापौर ने बताया कि एम्स निदेशक ने स्वास्थ्य सेवाओं में मौजूद किसी भी कमी को दूर करने का आश्वासन दिया है, ताकि क्षेत्र के लोगों को और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि नगर निगम और एम्स के बीच समन्वय से स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

