मास्टर्स एथलेटिक एसोसिएशन की फूटबॉल टूर्नामेंट स्थगित
रांची, 04 फ़रवरी (हि.स.)। झारखंड मास्टर्स एथलेटिक एसोसिएशन की ओर से अरगोड़ा मैदान में आगामी पांच फरवरी को प्रस्तावित एकदिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट को स्थगित कर दिया गया है। इसकी जानकारी संगठन के प्रतिनिधि और आयोजक चंदन कुमार ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।
चंदन कुमार ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मास्टर्स एथलीट स्वर्गीय नारायण साहू की पुण्यतिथि के अवसर पर अरगोड़ा मैदान में यह फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित किया जाना था। प्रतियोगिता की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई थीं और खिलाड़ियों में भी आयोजन को लेकर खासा उत्साह था। इसी बीच अनुमंडल पदाधिकारी, रांची की ओर से इस कार्यक्रम पर रोक लगा दी गई। उन्होंने बताया कि अनुमंडल पदाधिकारी की ओर से बताया गया है कि जिस मैदान में आयोजन प्रस्तावित है, पहले उस मैदान के मालिक से विधिवत अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
संबंधित प्राधिकरण से अनुमति प्राप्त होने के बाद ही अरगोड़ा मैदान में किसी भी प्रकार के खेल आयोजन की अनुमति दी जा सकेगी। एसोसिएशन की ओर से खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयासों के बीच इस प्रकार की प्रशासनिक अड़चन को लेकर खेलकूद के भविष्य को लेकर चिंता का विषय है। इस निर्णय से झारखंड मास्टर्स एथलेटिक एसोसिएशन के पदाधिकारी और खिलाड़ी वर्ग में निराशा देखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

