एनएच 23 पर कोयला लदे हाईवा में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
रामगढ़, 12 अक्टूबर (हि.स.)। रामगढ़ थाना क्षेत्र के कोठार चौक स्थित एनएच-23 पर कोयला लदे हाईवा में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज थी कि पूरा वाहन धुएं और आग से घिर गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है। इस दौरान चालक ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा में अचानक आग लगने के बाद लपटें तेजी से फैलने लगीं। कुछ ही देर में वाहन का अगला हिस्सा आग की चपेट में आ गया। आग की भयावहता देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें उठते ही चालक ने तत्परता दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। अचानक हुई इस घटना ने सड़क पर मौजूद लोगों को सकते में डाल दिया।
आग ने हाईवा के अगले हिस्से को बुरी तरह प्रभावित किया। बोनट में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग के कारण वाहन का पंजीकरण नंबर तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका। इस वजह से घटनास्थल पर वाहन मालिक की पहचान भी नहीं हो पाई।
जानकारी के अनुसार हाईवा आम्रपाली से मुरी के बीच कोयले का परिवहन करता है। पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। आग लगने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

