छात्रों के समर्थन में भाजपा का विशाल प्रदर्शन
रामगढ़, 11 सितंबर (हि.स.)। छात्रों के समर्थन में भाजपा रामगढ़ जिला इकाई ने शुक्रवार को जिला अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में विशाल विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सनशाइन बैंक्वेट हॉल से जिला समाहरणालय तक पैदल मार्च कर डीसी-एसपी कार्यालय का घेराव किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद उपायुक्त को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया।
मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि रोजगार की उम्मीद लगाए बैठे झारखंड के युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने जेएसएससी/जेपीएससी से जुड़े मामलों की सीबीआई जांच कराने और आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज मुकदमे तत्काल वापस लेने की मांग की।
बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि भाजपा छात्रों के अधिकार और न्याय की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी। प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने कहा कि यह आंदोलन युवाओं के भविष्य और अधिकार की लड़ाई है। जिला प्रभारी सुरेंद्र कुमार महतो ने भी छात्रहित के मुद्दे पर आंदोलन जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार गुप्ता, चंद्रशेखर चौधरी, रंजन फौजी, डॉ संजय प्रसाद सिंह, प्रिया करमाली, रूपा देवी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं महिला कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

