नशे को लेकर पत्नी से विवाद के बाद राजमिस्त्री ने फांसी लगाकर दी जान
पूर्वी सिंहभूम, 28 नवंबर (हि.स.)। गोविंदपुर थाना क्षेत्र के लुआबासा में शुक्रवार की देर रात एक राजमिस्त्री ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह पत्नी ने कमरे में उसका शव फंदे से लटका देखा, जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मृतक की पहचान लुआबासा निवासी दीपक सिंह (३६) के रूप में हुई है।
बताया गया कि दीपक शुक्रवार देर शाम फुटबॉल मैच देखकर घर लौटा था। परिजनों के अनुसार, उस समय वह नशे की हालत में था। नशे को लेकर पत्नी के साथ उसका विवाद हुआ था। विवाद के बाद दीपक अपने कमरे में चला गया और सोने की बात कहकर कमरा बंद कर लिया। शनिवार सुबह जब पत्नी उसे जगाने के लिए कमरे में गई, तो दीपक को गमछे के सहारे बनाए गए फंदे से लटका पाया। यह देखकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों ने तत्काल घटना की जानकारी गोविंदपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के साथ परिजनों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में नशे को लेकर पत्नी से विवाद की बात सामने आई है, हालांकि दीपक ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

