home page

वर्षा ऋतु में राज्यव्यापी वृक्षारोपण अभियान चलाएगा मारवाड़ी सम्मेलन

 | 
वर्षा ऋतु में राज्यव्यापी वृक्षारोपण अभियान चलाएगा मारवाड़ी सम्मेलन


रांची, 11 जुलाई (हि.स.)। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने वर्षा ऋतु के दौरान राज्यभर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने का आह्वान किया है। सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल और प्रांतीय महामंत्री विनोद कुमार जैन ने सभी जिला एवं शाखा इकाइयों, पदाधिकारियों और सदस्यों से कम-से-कम एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

सम्मेलन ने ‘एक पौधा–एक जीवन, हर सदस्य–एक संकल्प’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से इसमें सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। सम्मेलन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए वृक्षारोपण को जन आंदोलन का स्वरूप देना है।

प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने शनिवार को कहा कि वर्षा ऋतु वृक्षारोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय है। इस मौसम में लगाए गए पौधों के जीवित रहने की संभावना अधिक होती है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को स्थायी मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, लगातार बढ़ता तापमान और घटते हरित क्षेत्र मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।

सम्मेलन के अध्यक्ष ने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं। वे शुद्ध वायु, छाया, वर्षा, भू-जल संरक्षण तथा जैव विविधता के संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इसलिए पौधारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने सभी सदस्यों से अपने घर, प्रतिष्ठान, विद्यालय, मंदिर, पार्क तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल, सिंचाई और सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया। -------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar