मारवाड़ी महिला मंच ने छात्राओं को सिखाए आत्मरक्षा के गुर
रांची, 30 अप्रैल (हि.स.)। मारवाड़ी महिला मंच, रांची की ओर से बरियातू स्थित सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (गर्ल्स) में गुरूवार को एक दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में छात्राओं को वाइटल पॉइंट्स पर प्रहार, ग्रैब रिलीज तकनीक और घरेलू वस्तुओं के माध्यम से अपनी सुरक्षा करने का तरीका सीखाया गया। मौके पर बतौर मुख्य अतिथि स्कूल की मैनेजर नीता पांडेय ने कहा कि बेटियों को आत्मनिर्भर और आत्मरक्षक बनाना आज के समय की बड़ी जरूरत है। उन्होंने बताया कि इस दौरान कक्षा 12 वीं की सैकड़ों छात्राओं को उत्कल कराटे स्कूल (झारखंड शाखा) के प्रशिक्षकों सेंसेई चंदन कुमार, संदीप लाल और राहुल कालिंदी ने मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षण दिया।
शिविर में मारवाड़ी महिला मंच की सभी सदस्यों ने मिलकर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली सभी बेटियों के बीच भोजन सामग्री का वितरण किया। कार्यक्रम में स्कूल की मैनेजर नीता पांडेय, प्राचार्य दीपक कुमार, आशुतोष द्विवेदी, मारवाड़ी महिला मंच की सदस्य गीता डालमिया, अन्नू पोद्दार, सीमा खेमका, सुनीता सरावगी, अनिता केडिया सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

