रांची में 5 अप्रैल को होगा रक्तदान शिविर का आयोजन
रांची, 04 अप्रैल (हि.स.)। मारवाड़ी युवा मंच, रांची शाखा द्वारा श्री राणी सती मंदिर कमेटी के सहयोग से रविवार, 05 अप्रैल 2026 को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर प्रातः 10:30 बजे से श्री हनुमान बक्स पोद्दार सत्संग भवन, राणी सती मंदिर परिसर, रातू रोड में आयोजित होगा।
मंच के अध्यक्ष विकास अग्रवाल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि समय पर रक्त मिलने से किसी जरूरतमंद का जीवन बचाया जा सकता है, इसलिए अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य में भाग लेना चाहिए।
मंच के सचिव मुकेश शर्मा ने बताया कि मारवाड़ी युवा मंच हमेशा से सामाजिक सेवा कार्यों में अग्रणी रहा है। इस रक्तदान शिविर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की सहायता करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आगे आकर रक्तदान करने की अपील की।
कार्यक्रम के रक्तदान प्रभारी सुमित अग्रवाल और विष्णु अग्रवाल तथा सह संयोजक युवा निशांत मोदी ने बताया कि शिविर में रक्तदाताओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक संख्या में उपस्थित होकर रक्तदान करने और मानवता की सेवा में योगदान देने का आह्वान किया है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

