home page

अशोकनगर में पूर्व नौकरशाह की कथित करोड़ों की संपत्ति पर मरांडी ने उठाए सवाल

 | 
अशोकनगर में पूर्व नौकरशाह की कथित करोड़ों की संपत्ति पर मरांडी ने उठाए सवाल


रांची, 09 सितंबर (हि.स.)। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची के अशोकनगर में एक पूर्व नौकरशाह की कथित करोड़ों रुपये की संपत्ति को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मामले की जांच कराने और संपत्ति की खरीद में धन के स्रोत का पता लगाने की मांग की है।

मरांडी ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि चर्चा है कि अपनी कथित गतिविधियों को लेकर विवादों में रहे एक पूर्व नौकरशाह ने अशोकनगर में करीब साढ़े सात करोड़ रुपये के भूखंड और मकान का सौदा किया है। उन्होंने कहा कि संबंधित पूर्व अधिकारी के पास रांची में पहले से भी बड़े मकान और जमीन होने की चर्चा रही है। ऐसे में नई संपत्ति खरीदने के बाद उनकी आय और संपत्ति के स्रोत की जांच होनी चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जांच में यह भी देखा जाना चाहिए कि कथित संपत्ति सौदे में लगी रकम का जेएसएससी नियुक्ति घोटाले की जांच या उससे जुड़े किसी कथित लेन-देन से कोई संबंध तो नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि इतनी बड़ी संपत्ति खरीदने के लिए धन कहां से आया और इसका आय का स्रोत क्या है।

मरांडी ने कहा कि यदि संपत्ति वैध आय से खरीदी गई है तो उसका हिसाब देने में किसी को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व के विवादों के बावजूद संबंधित अधिकारी को सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी दी गई।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि किसी व्यक्ति को केवल पद और छवि के आधार पर ईमानदारी का प्रमाणपत्र नहीं दिया जाना चाहिए। झारखंड की जनता को करोड़ों रुपये की संपत्ति में लगे धन के स्रोत की जानकारी मिलनी चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे