home page

जनता दरबार में कई मामलों का किया गया निपटारा

 | 
जनता दरबार में कई मामलों का किया गया निपटारा


रांची, 28 अप्रैल (हि.स.)। रांची जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार को जिले के विभिन्न अंचल एवं प्रखंड कार्यालयों में मंगलवार को साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित किया गया। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

डीसी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों आवेदनों का त्वरित निष्पादन कर आमजनों को राहत दी गई, जबकि कुछ जटिल मामलों को विभागीय कार्रवाई कर लिए संबंधित पदाधिकारी को प्रेषित किया गया।

जिले में सर्वाधिक 253 आवेदन बेड़ो अंचल में निष्पादित हुए। नगड़ी में 206, रातू प्रखंड सह अंचल में 126, अनगड़ा में 120 और बुढ़मू में 105 मामलों का समाधान किया गया।

जनता दरबार में राजस्व एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया गया। मांडर प्रखंड में ग्राम कंजिया के सुल्तान अंसारी और सुचिता तिर्की को वृद्धा पेंशन की स्वीकृति दी गई, जबकि खादी उरांव को आवासीय प्रमाण पत्र जारी किया गया। सोनाहातु अंचल में संतोष लोहरा को पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र और करमी देवी को पंजी-2 सुधार के बाद लगान रसीद दी गई।

अनगड़ा अंचल में ऑनलाइन पंजी-2 सुधार और प्लॉट संख्या दर्ज करने सहित कई भूमि संबंधी मामलों का निष्पादन किया गया। सोमरा उरांव, धनेश्वर महतो और सुरेश विश्वकर्मा के आवेदनों का समाधान किया गया। मांडर अंचल में प्रवीण कुमार को म्यूटेशन संबंधी शुद्धि पत्र और अजय उरांव के खाता संख्या में सुधार किया गया।

इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और संबन्धित विभाग के पदाधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar