मनरेगा मजदूरों का राष्ट्रव्यापी हड़ताल 15 को
रांची, 14 मई (हि.स.)। वीबी-जी राम जी के लागू करने संबंधी केंद्र सरकार की अधिसूचना को झारखंड खेत और ग्रामीण मजदूर यूनियन ने आलोचना की है। वीबी-जी राम जी के विरोध मे यूनियन की ओर से 15 मई को मनरेगा मजदूर राष्ट्रव्यापी हडताल करेंगे।
यह जानकारी गुरुवार को
झारखंड खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन (जेकेजीएमयू) के नेता वीरेंद्र कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी। विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास मंत्रालय ने विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी राम जी को लागू करने की तिथि की अधिसूचना जारी की है।
उन्होंने कहा कि यह अधिसूचना भी पूरे कानून की तरह झूठे वादों से भरी हुई है। यह मनरेगा मजदूरों और यूनियनों की ओर से उठाई गई चिंताओं को यह कहकर कूड़ेदान में फेंकने की कोशिश है कि सारी चिंताएं झूठी हैं और वीबी-जी राम जी मनरेगा से बेहतर है।
इस कानून की आलोचना और इस अधिसूचना के माध्यम से फैलाया जा रहा प्रचार पहले से ही मजदूरों और कार्यकर्ताओं के सामने उजागर हो चुका है। उन्होंने कहा कि 125 दिनों के रोजगार का वादा वास्तव में निरर्थक है, क्योंकि भाजपा सरकार औसतन 55 दिनों का काम भी सुनिश्चित नहीं कर पा रही है। फेसियल रिकॉग्निशन और डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर जैसी तकनीकों के इस्तेमाल से भ्रष्टाचार खत्म होने के बजाय जॉब कार्डों और पात्र मजदूरों को बड़े पैमाने पर बाहर किया गया है। मजदूरी भुगतान का भारी बकाया पड़ा हुआ है, जो कई जगहों पर एक वर्ष से भी अधिक समय से लंबित है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

