home page

एसआरयू इफिको में प्रबंधन-श्रमिक संवाद में उत्पादन और चुनौतियों पर मंथन

 | 
एसआरयू इफिको में प्रबंधन-श्रमिक संवाद में उत्पादन और चुनौतियों पर मंथन


रामगढ़, 16 अप्रैल (हि.स.)। भारत सरकार के उपक्रम स्टील अथॉरिटी आफ़ इंडिया लिमिटेड (सेल) की रामगढ़ स्थित इकाइयां सेल रिफ्रैक्टरी यूनिट एसआरयू इफिको और रांची रोड में प्रबंधन और श्रमिक संगठनों के बीच गुरुवार को परिचर्चा आयोजित की गई।

यह कार्यक्रम एसआरयू इफिको के प्रशिक्षण और विकास केंद्र में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिशासी निदेशक पीके रथ ने की। इस दौरान मुख्य महाप्रबंधक परिचालन एवं परियोजना आरके सिंह ने प्रस्तुति के माध्यम से इकाई के उत्पादन, उत्पादकता, वित्तीय समस्याओं, वर्तमान स्थिति और आगामी परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी श्रमिक प्रतिनिधियों को दी।

परिचर्चा के दौरान अधिशासी निदेशक पीके रथ ने इकाई के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए श्रमिक संगठनों से सुझाव आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि एसआरयू इफिको के सामने चुनौतियां जरूर हैं, लेकिन प्रबंधन और श्रमिकों के सामूहिक प्रयास से हम इन्हें अवसर में बदल सकते हैं। पारदर्शिता, संवाद और सहभागिता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है और इसी के बल पर हम उत्पादन और कार्यसंस्कृति दोनों में सकारात्मक बदलाव लाएंगे।

बैठक में संयंत्र के सामान्य कार्यकलाप, ठेका व्यवस्था, मानव संसाधन और अन्य समस्याओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। श्रमिक संगठनों की ओर से एसआरयू इफिको और रांची रोड की सभी यूनियनों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और अपने विचार रखे। प्रबंधन की ओर से केएसएस कन्हैया (मुख्य महाप्रबंधक साप्र और ठेका प्र), संजय तिवारी (मुख्य महाप्रबंधक मासं),

पीसी मिश्रा (मुख्य महाप्रबंधक वित्त और लेखा) एवं यूसुफ हुसैन (महाप्रबंधक मासं) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश