ससुराल से नशे में धुत होकर निकला था ड्राइवर, मंत्री के स्कॉर्ट गाड़ी को ठोका
रामगढ़, 09 मार्च (हि.स.)। झारखंड के मंत्री योगेंद्र प्रसाद को स्कॉर्ट कर रही रामगढ़ पुलिस की गाड़ी को ठोकर मारने वाला ड्राइवर पूरी तरीके से नशे में धूत था। उसके शरीर में अल्कोहल की मात्रा 466 एमजी/लीटर पाई गई है। रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने साेमवार काे बताया कि गिरफ्तार आराेपित संपूर्ण गोसाई बोकारो जिले के कसमार का रहने वाला है।
रामगढ़ के चट्टी बाजार के गोसाई टोला में वह अपने ससुराल आया हुआ था। अपने साले के साथ उसने जमकर शराब पी और बोलेरो गाड़ी लेकर रांची की तरफ निकल गया। कोठार के पास मंत्री योगेंद्र प्रसाद को स्कॉर्ट कर रही रामगढ़ पुलिस की गाड़ी को उसने आमने-सामने टक्कर मार दी। वह इतने नशे में था कि उसे खुद ही होश नहीं था। गाड़ी को भी वह अनियंत्रित तरीके से चला रहा था। उसने मंत्री की गश्ती में लगी गाड़ी को जानबूझकर धक्का मारा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस कर्मियों की जान भी जा सकती थी। लेकिन पुलिस गाड़ी को चला रहे ड्राइवर की सूझबूझ के कारण लोगों की जान बच सकी। रामगढ़ पुलिस ने संपूर्ण गोसाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

