home page

45 वर्ष से अधिक आयु के मानव दिवस कर्मियों को हटाने की प्रक्रिया पर फिलहाल रोक : अजय राय

 | 
45 वर्ष से अधिक आयु के मानव दिवस कर्मियों को हटाने की प्रक्रिया पर फिलहाल रोक : अजय राय


रांची, 08 जुलाई (हि.स.)। झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय ने कहा है कि संघ के हस्तक्षेप के बाद 45 वर्ष से अधिक आयु के मानव दिवस कर्मियों को सेवा से हटाने की प्रक्रिया पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय श्रमिकों के हितों की रक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में अजय राय ने बताया कि उन्होंने पूर्व में विद्युत आपूर्ति क्षेत्र, रांची के महाप्रबंधक मनमोहन कुमार से मुलाकात कर एजेंसी की ओर से जारी नोटिस, टेंडर से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों और उसमें मौजूद तकनीकी विसंगतियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कार्यरत मानव दिवस कर्मियों को केवल 45 वर्ष की आयु पूरी होने के आधार पर सेवा से हटाने का कोई वैधानिक प्रावधान नहीं है।

अजय राय के अनुसार, बैठक के दौरान महाप्रबंधक ने जेएमडी एजेंसी से तत्काल वार्ता कर विवादित नोटिस पर रोक लगाने का निर्देश दिया। साथ ही मामले में झारखंड बिजली वितरण निगम मुख्यालय से विधिक एवं प्रशासनिक मंतव्य प्राप्त करने का आश्वासन भी दिया गया।

उन्होंने बताया कि बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि 18 से 45 वर्ष की आयु सीमा केवल नई नियुक्तियों के लिए निर्धारित है। पहले से कार्यरत मानव दिवस कर्मियों पर यह प्रावधान लागू नहीं होगा।

अजय राय ने कहा कि ऊर्जा विभाग में 25 से 30 वर्षों से कार्यरत मानव दिवस कर्मियों को केवल आयु के आधार पर सेवा से हटाना श्रमिक विरोधी कदम होगा। इससे हजारों श्रमिकों और उनके परिवारों की आजीविका प्रभावित होगी।

उन्होंने कहा कि झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार प्रयासरत है। यदि भविष्य में दोबारा इस प्रकार की कार्रवाई का प्रयास किया गया तो संघ लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से व्यापक आंदोलन करेगा।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar