home page

ब्राउन शुगर के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
ब्राउन शुगर के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार


दुमका, 07 जुलाई (हि.स.)। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ हंसडीहा पुलिस की मुहिम लगातार तेज होती जा रही है। मंगलवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपितों के पास से कुल 9.06 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार हंसडीहा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धावाटांड़-कुरमाहाट सड़क किनारे स्थित एक बंद होटल के पीछे चंदन मरिक के अधनिर्मित मकान में कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद एसडीपीओ, जरमुंडी नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की। पुलिस वाहन को देखते ही वहां मौजूद पांच युवक भागने लगे। पुलिस बल ने पीछा कर दो युवकों को दबोच लिया, जबकि तीन अन्य मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार युवकों की पहचान अंकित कुमार मिश्रा (20) और निरुदू गोराई के रूप में की गई है। तलाशी के दौरान अंकित कुमार मिश्रा के पास से प्लास्टिक सहित 5.02 ग्राम और निरुदू गोराई के पास से 4.04 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस ने विधिवत जब्ती सूची तैयार कर मादक पदार्थ को जब्त कर लिया।

मामले में थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव ने बताया कि क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि फरार आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

छापेमारी दल में एसआई दिलीप हांसदा, अनुसंधानकर्ता जिमी हांसदा सहित जवान शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार