home page

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, प्रिंस खान के पांच अपराधी गिरफ्तार

 | 
पुलिस की बड़ी कार्रवाई, प्रिंस खान के पांच अपराधी गिरफ्तार


हजारीबाग, 30 जुलाई (हि.स.)। हजारीबाग पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान की ओर से संचालित आपराधिक संगठन कोयलांचल शांति सेना (केएसएस कुबेर) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद पांच सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार गिरफ्तार किया है। इस दाैरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग के एक सदस्य के पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसका इलाज पुलिस सुरक्षा में शेख भिखारी मेडिकल अस्पताल में किया जा रहा है।

गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने पत्रकारों को बताया कि उक्त घटना की सूचना मिली थी कि प्रिंस खान के गिरोह हजारीबाग के कोयला खनन क्षेत्र में संगठन का विस्तार कर नए अपराधियों को जोड़ने का काम कर रहा है और लेवी वसूली के लिए दहशत फैलाने की साजिश रची जा रही है। सूचना के बाद एसडीपीओ बड़कागांव अमित आनंद के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया, जांच के दौरान सबसे पहले पेलावल आजाद नगर निवासी मोहम्मद शमशाद उर्फ साहिल को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर वकास हैदर को भी पकड़ा गया जिसके पास से मार्क 303 की 20 जिंदा गोलियां बरामद की गई। आगे की पूछताछ में बोकारो निवासी अरुण कुमार सिंह और रोशन मालाकार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चरही क्षेत्र से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया कि गिरोह के पांच सदस्य बड़कागांव के कोयला खनन क्षेत्र में हाईवा वाहनों पर फायरिंग कर दहशत फैलाने और लेवी वसूलने की तैयारी में थे। इसके बाद पुलिस ने बड़कागांव थाना क्षेत्र के अरहरा 13 के टीपी 05 इलाके में तड़के नाकेबंदी कर छापेमारी की गई। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर 06 से 07 राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस में आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की जिसमें सैयद मोहम्मद जीशान के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि कुछ साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले। गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने एक देशी पिस्तौल एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, 20 राउंड 303 बोर की गोलियां और पांच मोबाइल फोन बरामद किए।

गिरफ्तार अपराधियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे गैंगस्टर प्रिंस खान जेल में बंद कुबेर उर्फ अमन कुमार सिंह, नीतीश वत्स सागर सिंह के निर्देश पर कोयला कारोबारी और ट्रांसपोर्टरों से लेवी वसूली के लिए क्षेत्र में भय का माहौल बनाने की योजना पर काम कर रहे थे। इस मामले में लोहसिंघना थाना, चरही थाना और बड़कागांव थाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में पेश कर दिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित अरुण कुमार सिंह पर झारखंड के विभिन्न जिलों में हत्या कई गंभीर मामले पहले से ही दर्ज हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार