home page

दिवाली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने दो दुकानों पर ठोंका जुर्माना, लिए मिठाइयों के नमूने

 | 
दिवाली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने दो दुकानों पर ठोंका जुर्माना, लिए मिठाइयों के नमूने


दिवाली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने दो दुकानों पर ठोंका जुर्माना, लिए मिठाइयों के नमूने


रामगढ़, 03 नवंबर (हि.स.)। जिले में आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। डीसी ऋतुराज के निर्देश पर मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नया मोड़ और कुजू क्षेत्र के विभिन्न होटलों एवं मिठाई दुकानों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तीन प्रकार की मिठाइयों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले दो दुकानदारों पर आर्थिक जुर्माना लगाया गया।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अदिति सिंह और डेरिक तिग्गा के नेतृत्व में टीम ने होटल ठाकुर, होटल प्रकाश चंद्र, रामविलास होटल, जय श्री श्याम स्वीट्स एवं होटल गोविंद साव का निरीक्षण किया। जांच के दौरान रसगुल्ला, गुलाब जामुन और कलाकंद के नमूने संग्रहित किए गए। इन नमूनों को खाद्य सुरक्षा जांच प्रयोगशाला भेजा गया है, ताकि उनकी गुणवत्ता एवं निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की जा सके।

निरीक्षण के क्रम में बिना खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के प्रतिष्ठान संचालित करने और खाद्य पदार्थों में हानिकारक रंगों के इस्तेमाल से संबंधित अनियमितताएं भी सामने आईं। इस पर विभाग ने दो दुकानों से एक-एक हजार रुपये, कुल दो हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना वसूला।

इसके अलावा खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बोंगबार स्थित शिव रुद्र इंटरप्राइजेज का भी निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने दुकानदारों एवं होटल संचालकों को प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई रखने, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने और प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों एवं पेय पदार्थों का भंडारण और उपयोग नहीं करने की सख्त हिदायत दी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश