उत्पाद विभाग ने किया 200 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद, भट्टियां ध्वस्त
रामगढ़, 11 मई (हि.स.)। डीसी ऋतुराज के निर्देश पर जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को सहायक आयुक्त उत्पाद अरविन्द कुजूर के नेतृत्व में गोला थाना क्षेत्र अंतर्गत कामता गांव में व्यापक उत्पाद छापामारी अभियान चलाया गया।
छापामारी अभियान में अवर निरीक्षक उत्पाद कांग्रेश कुमार, अवर निरीक्षक उत्पाद अमित मड़की सहित उत्पाद विभाग की टीम शामिल रही। अभियान के दौरान कई अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त करते हुए लगभग 2000 किलोग्राम जावा महुआ और 200 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद किया गया। बरामद सामग्री को नियमानुसार विनष्ट किया गया।
अभियान के दौरान अवैध शराब निर्माण में संलिप्त कारोबारियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। उत्पाद विभाग की ओर से संबंधित आरोपितों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में सहायक आयुक्त उत्पाद ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध आगे भी लगातार सघन छापामारी अभियान चलाया जाएगा और इस अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

