home page

पत्नी के इलाज के लिए लॉकर में रखा 22 लाख नौकरानी ने उड़ाया

 | 
पत्नी के इलाज के लिए लॉकर में रखा 22 लाख नौकरानी ने उड़ाया


रामगढ़, 08 मई (हि.स.)। रामगढ़ शहर के गुरु नानक मोहल्ला में एक व्यक्ति के घर में नौकरानी ने ही हाथ साफ कर दिया। गुरु नानक मोहल्ला निवासी अरविंद सिंह आनंद ने अपनी पत्नी के इलाज के लिए घर में 22 लाख रुपये नगद रखे थे। नौकरानी में सफाई के नाम पर उनका लॉकर ही साफ कर दिया। इस मामले में अरविंद सिंह आनंद ने रामगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके घर में मीतू कुमारी, पति जितेंद्र कुमार नामक नौकरानी पिछले कई वर्षों से कम कर रही थी। उसका मायका भी रामगढ़ के पतरातू बस्ती में ही है।

अरविंद कुमार आनंद ने अपनी पत्नी के इलाज के लिए अपने घर के लॉकर में 22 लाख रुपये नकद रखे थे। उस पैसे से वह अपनी पत्नी का इलाज करने वाले थे। 30 मार्च को जब अरविंद और उनके बेटे ने कमरे का लॉकर खोला तो 22 लाख रुपये नगद गायब थे। इस मामले की जानकारी उन्होंने पुलिस को दी। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो उन्हें पूरी कहानी का पता चला। 24 मार्च को अरविंद के पत्नी घर में अकेली थी और उनके बेटे और बहू रांची गए थे। इसी दौरान मीतू कुमारी ने घर में साफ सफाई का काम कर रही थी। सीसीटीवी फुटेज में भी मीतू कुमारी को कमरे के तरफ जाते हुए देखा गया।

चोरी की इस वारदात को अंजाम देने के बाद मीतू कुमारी में उनके घर में काम करने से मना कर दिया। साथ ही उसने यह बहाना बनाया की गर्भवती होने की वजह से उसके परिजनों की ओर से काम पर नहीं आने की बात कही जा रही है। बाद में जब अरविंद कुमार आनंद ने घर में गायब रुपये के बारे में उससे पूछताछ की तो मीतू कुमारी के जरिये उन्हें झूठे केस में फंसने की धमकी दी गई। उन्हें पूरा संदेह है कि नौकरानी ने ही घर में चोरी की और फिर उनके घर से फरार हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश