भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा पहुंचा गढ़वा, देवेंद्रनाथ ने किया रोड शो
गढ़वा, 09 सितंबर (हि.स.)। जेपीएससी और जेएसएससी की नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित अनियमितता और धांधली के खिलाफ छात्रों की भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा बुधवार को अपने 17वें दिन गढ़वा पहुंची। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में यात्रा के दौरान जिले में व्यापक जनसंपर्क, जनसंवाद, रोड शो और जनसभा का आयोजन किया गया।
यात्रा की शुरुआत बंशीधर नगर स्थित बाबा धाम में राधा-कृष्ण के दर्शन और पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद हनुमान चौक पहुंचकर महापुरुष डॉ राममनोहर लोहिया को माल्यार्पण किया गया। यहां लोगों को संबोधित करते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि गढ़वा वीर नीलांबर-पीतांबर जैसे महान क्रांतिकारियों की धरती है। आज इसी धरती के युवा राज्य की नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।
उन्होंने राज्य सरकार से छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए नियुक्ति प्रक्रियाओं की त्वरित और निष्पक्ष जांच कराने और पारदर्शी एवं विश्वसनीय भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
इसके बाद गढ़ देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। वहां से पैदल यात्रा रंका मोड़ पहुंची, जहां डॉ भीमराव अंबेडकर को माल्यार्पण किया गया। रंका मोड़ से रोड शो के बाद टाउन हॉल मैदान में जनसभा हुई। इसमें बड़ी संख्या में छात्र, युवा, अभिभावक और स्थानीय लोग शामिल हुए। 11 सितंबर को रांची पहुंचकर यात्रा का समापन होगा।
यात्रा में कमलेश चौधरी, पंकज कुशवाहा, सुनील कुमार यादव, राजीव कुशवाहा, खुशबू कुमारी, अमित कुमार और प्रीति महतो सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

