home page

मुहर्रम पर महावीर मंडल ने लगाया स्वागत शिविर

 | 
मुहर्रम पर महावीर मंडल ने लगाया स्वागत शिविर


रांची, 27 जून (हि.स.)।

मुहर्रम के अवसर पर श्री महावीर मंडल, रांची महानगर की ओर से मेन रोड स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर के समीप स्वागत शिविर का आयोजन किया गया। महानगर अध्यक्ष कुणाल अजमानी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में मुहर्रम जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत कर सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया गया।

शिविर में जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं एवं प्रतिभागियों के बीच पेयजल और बिस्कुट का वितरण किया गया। साथ ही विभिन्न मुहर्रम समितियों और अखाड़ों के अध्यक्षों, सचिवों तथा अन्य गणमान्य लोगों को अंगवस्त्र और पुष्पमाला देकर सम्मानित किया गया।

अतिथियों ने श्री महावीर मंडल की ओर से आयोजित स्वागत शिविर की सराहना करते हुए इसे सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। वक्ताओं ने कहा कि रांची की पहचान हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द के लिए रही है।

सभी धर्मों और समुदायों के पर्व-त्योहार प्रेम, सम्मान और शांति के वातावरण में मनाए जाने चाहिए। मंडल के प्रवक्ता बादल सिंह ने कहा कि संगठन आगे भी सभी समुदायों के साथ मिलकर सामाजिक एकता और सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करता रहेगा।

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, दिलीप सोनी, रोहित शारदा, अजय बथवाल, अमरेंद्र सिन्हा, देवेश अजमानी, पवन बजाज, धीरज तनेजा, नीतीश मिश्रा, अमन सिंह सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar