मेले के बाद बदहाल हुआ मधुपुर का डाक बंगला मैदान
देवघर, 19 जुलाई (हि.स.)। मधुपुर के ऐतिहासिक डाक बंगला मैदान में आयोजित मेले के बाद मैदान की स्थिति काफी खराब हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कभी हरी-भरी घास से आच्छादित यह मैदान अब जगह-जगह कीचड़ और उबड़-खाबड़ जमीन में तब्दील हो गया है।
बताया जा रहा है कि यह मधुपुर का प्रमुख सार्वजनिक मैदान है, जहां प्रतिदिन स्कूली बच्चे खेलकूद का अभ्यास करते हैं, जबकि सुबह और शाम बड़ी संख्या में बुजुर्ग, महिलाएं और युवा टहलने एवं व्यायाम के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार खिलाड़ियों और नागरिकों की मांग पर स्थानीय विधायक सह मंत्री हफीजुल हसन के प्रयास से करीब ०1 करोड़ 31 लाख 65 हजार 600 रुपये की लागत से मैदान का सौंदर्यीकरण और हरी घास लगाने का कार्य कराया गया था।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मेले के आयोजन से पहले भी कई लोगों ने मैदान को होने वाले संभावित नुकसान को लेकर चिंता जताई थी, लेकिन उनकी आपत्तियों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। वहीं भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष अवनी भूषण ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से मैदान की बदहाल स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके संरक्षण की मांग उठाई है।
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि डाक बंगला मैदान को जल्द से जल्द पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए और भविष्य में ऐसे आयोजनों के दौरान मैदान की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि खिलाड़ियों और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

