home page

अब्सेंट, शिफ्ट, डुप्लीकेट और डेथ मतदाताओं की सूची होगी ऑनलाइन

 | 
अब्सेंट, शिफ्ट, डुप्लीकेट और डेथ मतदाताओं की सूची होगी ऑनलाइन


रामगढ़, 24 जुलाई (हि.स.)। जिले में एसआईआर की प्रक्रिया लगभग पूरी होने के कगार पर पहुंच गई है। डीसी ऋतुराज लगातार इसकी मॉनीटरिंग कर रहे हैं। इसका नतीजा यह निकला कि लगभग 70 फ़ीसदी मतदाताओं ने अपना गणना प्रपत्र भरकर जमा कर दिया है। अब अब्सेंट, शिफ्ट, डुप्लीकेट और डेथ (एएसडीडी) सूची बनाई जा रही है। यह वैसे मतदाताओं की सूची है जो रामगढ़ जिले में उपस्थित नहीं है, या रामगढ़ जिले से किसी दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो गए हैं। साथ ही वैसे मतदाताओं का नाम भी बीएलओ इस सूची में डाल रहे हैं, जिनका निधन पहले हो चुका है और वर्तमान समय में उनका नाम मतदाता सूची में मौजूद है। इसके साथ ही वैसे लोगों को भी अलग किया गया है जिनका नाम दो विधानसभा क्षेत्र में है, या फिर एक ही विधानसभा में दो बूथ पर नाम मौजूद है। या फिर एक ही बूथ पर उनका नाम दो बार प्रिंट हो गया है।

अंचल अधिकारी रमेश रविदास ने शुक्रवार को सभा भवन में बीएलओ को पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीएलओ ने पहले भी सूची बनाई है, जिसे और बेहतर तरीके से भरकर जमा करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि यह पूरी सूची ऑनलाइन होगी ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

जिले में गणना प्रपत्र भरवाने के लिए बीएलओ को पूरी तरीके से प्रशिक्षित किया गया था। पिछले एक महीने में बीएलओ हर घर में तीन बार गए। सबसे पहले हर घर में एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराया। जिन घरों में लोग मौजूद नहीं थे उन घरों पर नोटिस भी चिपकाए गए, जिसमें बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर अंकित था। इसके बाद मतदाताओं को ढूंढने के लिए भी कर्मचारी पहुंचे। अंत में जिन लोगों से संपर्क नहीं हो पाया, उनकी सूची एएसडीडी फार्म में भरकर निर्वाचन विभाग को जमा किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश