लोहरदगा में 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान की शुरुआत, एलईडी वैन रवाना
लोहरदगा, 05 मई (हि.स.)। लोहरदगा में आम लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 90 दिवसीय सघन विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डालसा राजकमल मिश्रा के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत पीडीजे सह अध्यक्ष डालसा ने जागरूकता एलईडी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन जिले के विभिन्न गांवों में जाकर लघु फिल्मों और ऑडियो-वीडियो माध्यम से लोगों को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करेगी।
डालसा सचिव मनोरंजन कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है। इसके तहत लोगों को कानूनी अधिकारों, महिला एवं बाल अधिकार, साइबर अपराध, नशामुक्ति और विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि एलईडी वैन के साथ पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) भी मौजूद रहेंगे, जो गांव-गांव जाकर लोगों को विधिक सहायता के प्रति जागरूक करेंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर लोग इसका लाभ उठा सकें।
इस मौके पर एडीजे प्रथम स्वयंभू, सीजेएम केके मिश्रा, रजिस्ट्रार व्यवहार न्यायालय अमित कुमार, सिविल जज जूनियर डिवीजन सह पीएमजेजेबी जया स्मिता कुजूर, लोक अभियोजक भरत राम सहित कई न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, मध्यस्थ, पैनल अधिवक्ता और पीएलवी उपस्थित थे।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोपी कृष्ण कुँवर

