बाबूलाल ने एक्स पर किया ट्वीट, चहेते अफसर के साथ अंधेरे में जमीन देखने निेकलते हैं मुख्यमंत्री
रांची, 29 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से बिना सुरक्षा तामझाम के सचिवालय जाने और उसकी तस्वीरों का ज़ोर-शोर से प्रचार करने पर तंज कसा है।
बाबूलाल ने बुधवार को इस बाबत सोशल मीडिया के एक्स पर ट्वीट करते हुए कहा है कि वाहवाही लूटने का यह पीआर स्टंट वाकई शानदार है।
राजनीति में ऐसे मौकों को भुनाना भी एक कला है। लेकिन साहब, चर्चा तो उन गुमनाम दौरों की भी ज़ोरों पर है, जो रात के सन्नाटे में होते हैं। सुना है कि ज़मीन-जायदाद के शौकीन मुख्यमंत्री अपने एक चहेते पुलिस अफसर के साथ अक्सर अंधेरे में मनपसंद जमीन के प्लाॅट का मुआयना करने निकलते हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री को सुझाव देते हुए कहा है कि अगर इन रात्रिकालीन दौरों का भी सचिवालय वाली घटना की तरह ही प्रचार-प्रसार होता, तो कितना अच्छा होता। इससे ज़मीन दलालों और भ्रष्ट अफसरों को भी प्रोत्साहन मिलता और वे खुद बढ़-चढ़कर आपको कौड़ियों के भाव वाली नई-नई ज़मीन की जानकारी परोसते हैं।
आखिर जनता को भी तो पता चले कि पारदर्शिता सिर्फ दिन के उजाले और कैमरों के सामने ही नहीं, बल्कि रात के अंधेरे वाले निजी मिशन में भी कायम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

