home page

रांची में जिला स्तरीय झारखंड इन्क्यूबेटर कार्यक्रम शुरू, ग्रामीण महिला उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा

 | 
रांची में जिला स्तरीय झारखंड इन्क्यूबेटर कार्यक्रम शुरू, ग्रामीण महिला उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा


रांची, 25 अगस्त (हि.स.)। रांची के जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने मंगलवार को समाहरणालय में जिला स्तरीय झारखंड इन्क्यूबेटर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पहल ग्रामीण महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) आधारित उद्यमों को मजबूत करने और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ेंगे। इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ पलायन को कम करने में भी मदद मिलेगी।

ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की मंजूरी से संचालित इस कार्यक्रम को झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के सहयोग से आईआईएम कोलकाता इन्नोवेशन पार्क लागू कर रहा है। कार्यक्रम के तहत अगले तीन वर्षों में महिला नेतृत्व वाले 150 ग्रामीण उद्यमों का चयन किया जाएगा।

चयनित उद्यमों को प्रशिक्षण, मेंटरशिप, वित्तीय सहायता और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही उद्यमियों को बाजार से जोड़ने और उनके व्यवसाय को औपचारिक रूप देने में भी सहायता दी जाएगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को केवल स्वरोजगार तक सीमित रखने के बजाय उनके उद्यमों को टिकाऊ और बाजार आधारित व्यवसाय के रूप में विकसित करना है।

कार्यक्रम के तहत रांची में एक केंद्रीय हब स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा राज्य के पांच क्षेत्रों में स्पोक केंद्र बनाए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण महिला उद्यमियों को स्थानीय स्तर पर मार्गदर्शन, तकनीकी सहायता और व्यवसाय विस्तार से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

कार्यक्रम के दौरान इटकी और नगड़ी प्रखंड के एडचेरो गांव की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार ‘आदिवा’ ब्रांड की राखी का भी उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर महिला सदस्यों ने उपायुक्त को राखी बांधकर आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में जेएसएलपीएस के पदाधिकारी, विभिन्न प्रखंडों के बीपीएम, बीपीओ, नॉन-फार्म कैडर तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं मौजूद थीं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar