home page

दोमुहान जंगल में फेंकी मिलीं सरकारी दवाएं, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप

 | 
दोमुहान जंगल में फेंकी मिलीं सरकारी दवाएं, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप


लातेहार, 04 जून (हि.स.)। जिले के मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत दोमुहान जंगल के पास गुरुवार को सरकारी दवाएं फेंकी हुई अवस्था में मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को लेकर प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों द्वारा जंगल में एक पेटी में बंद दवाएं देखे जाने के बाद इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

इसी वीडियो को टैग करते हुए झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी सोशल मीडिया पर झारखंड के स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठने लगे।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया। सिविल सर्जन के निर्देश पर मनिका प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ दिव्य क्षितिज कुजूर मौके पर पहुंचे और दवाओं को जब्त कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि बरामद दवाएं आयरन और फोलिक एसिड की हैं, जिन्हें आमतौर पर स्कूल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत बच्चों को दिया जाता है। ये दवाएं ब्लॉक रिसोर्स सेंटर के माध्यम से स्कूलों में वितरित की जाती हैं। कुछ दवाएं एक्सपायर भी पाई गई हैं। बैच नंबर के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दवाएं किस स्तर से निकलीं और जंगल तक कैसे पहुँची।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार