home page

छात्रों से भरी ऑटो दुर्घटनाग्रस्त, एक छात्र की मौत और 10 से अधिक घायल

 | 
छात्रों से भरी ऑटो दुर्घटनाग्रस्त, एक छात्र की मौत और 10 से अधिक घायल


लातेहार, 30 अप्रैल (हि.स.)। जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के अक्सी रोड में गुरुवार को स्कूली बच्चों से भरी हुई ऑटो दुर्घटनाग्रस्त हो गई । इस घटना में छात्र अंकुर मिंज (12) की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक बच्चे घायल हो गए। सभी घायल बच्चों का इलाज महुआडांड़ अस्पताल में किया गया। इनमें चार बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए इन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम स्कूली बच्चों को लेकर ऑटो महुआडांड़ से अक्सी रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक ऑटो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

अन्य बच्चों का इलाज अस्पताल में किया गया। इधर, घटना के बाद ऑटो का चालक घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को कब्जे में ले ली है । अनुमंडल पदाधिकारी विपिन दुबे ने बताया कि सभी घायल बच्चों का बेहतर इलाज किया जा रहा है। चार बच्चों को रेफर किया गया है। दुर्घटनाग्रस्त ऑटो चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार