home page

विद्युतकर्मी की दुघर्टना पर श्रमिक संघ आक्रोशित, उच्चस्तरीय जांच और सख्त कार्रवाई की मांग

 | 
विद्युतकर्मी की दुघर्टना पर श्रमिक संघ आक्रोशित, उच्चस्तरीय जांच और सख्त कार्रवाई की मांग


रांची, 30 मार्च (हि.स.)। झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के अध्यक्ष अजय राय ने कांके सबडिवीजन में कार्यरत विद्युतकर्मी मो. शमी आलम के साथ 29 मार्च को हुई गंभीर दुर्घटना पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई है।

श्रमिक संघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ अजय राय ने सोमवार को विद्युत आपूर्ति क्षेत्र, रांची के महाप्रबंधक (तकनीकी) को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो संघ आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

ज्ञापन के माध्यम से संघ ने कई अहम मांगें रखीं। इनमें दुर्घटना की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति का गठन, दोषी पदाधिकारियों और संबंधित एजेंसी पर कड़ी कार्रवाई, घायल कर्मी के समुचित और निःशुल्क इलाज की व्यवस्था, पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा प्रदान करना तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना शामिल है।

संघ के अनुसार, घायल मो. शमी आलम जेएमडी एजेंसी के माध्यम से आउटसोर्सिंग के तहत कार्यरत थे। वर्तमान में उनका इलाज रांची स्थित देवकमल हॉस्पिटल में चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

अजय राय ने इस घटना को विभागीय लापरवाही का उदाहरण बताते हुए कहा कि हाल के दिनों में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जो कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी लापरवाही से विद्युतकर्मियों का जीवन खतरे में पड़ रहा है और इस दिशा में तत्काल प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar