मजदूर को बंधक बनाकर क्रूरता करने वाला सप्लायर गिरफ्तार, पुलिस ने कराया मुक्त
पलामू, 07 जुलाई (हि.स.)। जिले के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र में बकाया पैसे के लिए पांच दिनों तक बंधक बनाकर एक 25 वर्षीय मजदूर से क्रूरता का मामला सामने आया। पिता की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने कार्रवाई की और जीएलए कॉलेज गेट के समीप बारालोटा से मजदूर को एक बंद घर से बरामद किया। मजदूर से अमानवीय व्यवहार करने वाले लेबर सप्लायर को गिरफ्तार किया गया और जेल भेज दिया गया।
जिले के एसपी कपिल चौधरी ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को जीएलए कॉलेज के पास एक मकान में एक व्यक्ति को कमरे में बंद रखने की सूचना मिली। गश्ती दल तुरंत मौके पर पहुंचा। जांच के दौरान एक कमरे के बाहर ताला लगा मिला। पुलिस ने ताला तोड़कर अंदर से सहमे हुए उपेंद्र भुइयां को बाहर निकाला।
उपेन्द्र पाटन थाना क्षेत्र के पांडेपुरा का रहने वाला है। उपेन्द्र भुइयां को डालटनगंज रेलवे स्टेशन से अगवा कर जीएलए कॉलेज गेट के समीप बारालोटा में पिछले पांच दिनों से बंद करके रखा गया था। उपेंद्र को पांच दिनों तक न तो बाहर निकलने दिया गया था और न ही भरपेट खाना दिया गया था। शौच के लिए भी उसे कमरे से बाहर जाने की अनुमति नहीं थी।
इस मामले में आरोपित लेबर सप्लायर अमरेश यादव (34) को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपित अमरेश यादव रामगढ़ थाना क्षेत्र के हुटार गांव का निवासी है। वह अवैध रूप से मजदूरों को दूसरे राज्यों में काम पर ले जाता है। अमरेश, उपेंद्र के पिता गोपाल भुइयां से बकाया रुपये की मांग कर रहा था और पैसे न मिलने पर बेटे को मारने की धमकी दे रहा था। इसी आधार पर पिता ने शिकायत दर्ज कराई थी।
उपेंद्र लगातार हुई पिटाई और यातना से वह इतना भयभीत था कि पुलिसकर्मियों को देखकर भी डर के मारे ‘मारिएगा मत, मारिएगा मत’ चिल्लाने लगा। काफी देर तक समझाने के बाद उसे सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। आरोपित अमरेश यादव के खिलाफ शहर थाना में मामला दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार

