home page

मजदूर दिवस पर आजसू ने किया श्रमिकों को सम्मानित

 | 
मजदूर दिवस पर आजसू ने किया श्रमिकों को सम्मानित


देवघर, 01 मई (हि.स.)। आजसू पार्टी की देवघर जिला कमिटी ने अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर शहर के रंगा मोड़ पर सम्मान समारोह का आयोजन किया।

इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े मजदूरों को सम्मानित कर उनके परिश्रम, समर्पण और समाज निर्माण में योगदान को नमन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मजदूर, स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे । समारोह की शुरुआत मजदूरों के सम्मान के साथ हुई, जहां उन्हें अंगवस्त्र, माला और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान मजदूर एकता और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ने कहा कि मजदूर वर्ग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उनके परिश्रम के बिना विकास संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि निर्माण, उद्योग, कृषि और सेवा क्षेत्र—हर जगह मजदूरों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है, लेकिन आज भी उन्हें उनका उचित अधिकार और सम्मान पूरी तरह नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि मजदूर दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि संकल्प लेने का दिन है।

मजदूरों को उचित मजदूरी, सुरक्षित कार्य वातावरण, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। आजसू पार्टी मजदूरों, गरीबों और वंचितों के अधिकारों के लिए हमेशा संघर्षरत रही है और आगे भी उनकी आवाज बुलंद करती रहेगी।

कार्यक्रम में मौजूद अन्य पदाधिकारियों ने भी मजदूरों के योगदान को देश के विकास की नींव बताते हुए उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जिला और प्रखंड स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy