झारखंड में लैब सेवाएं होंगी हाईटेक, मोबाइल पर मिलेगी जांच रिपोर्ट
रांची, 30 अप्रैल (हि.स.)। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरूवार नेपाल हाउस स्थित उनके कार्यालय कक्ष में मेरील कंपनी की ओर से लैब इनफॉरमेशन सिस्टम का प्रजेंटेशन दिया गया।
इस अवसर पर अजय सिंह ने कहा कि अब झारखंड में लैब सेवाएं हाईटेक होंगी। मोबाईल नंबर के माध्यम से जांच की पूरी रिपोर्ट मिलेगी। यह सिस्टम राज्य के सभी मेडिकल कॉलेज से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस सिस्टम को विभाग के मौजूदा हॉस्पिटल मैनेजमेंट इनफॉरमेशन सिस्टम के साथ इंटीग्रेट किया जाएगा।
इससे समय की बचत होगी और सेवाएं अधिक पारदर्शी बनेंगी।
वहीं अपर सचिव विद्यानंद शर्मा ने कहा कि इस प्रणाली के लागू होने से विभाग को जांच संबंधी कार्यों की बेहतर मॉनिटरिंग करने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि कितने मरीजों की जांच हुई, किस प्रकार की जांच की गई और विभिन्न जांचों की संख्या जैसी जानकारियां रियल टाइम में उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही लैब में उपलब्ध रिएजेंट्स की अद्यतन स्थिति भी आसानी से देखी जा सकेगी, जिससे समय पर खरीद की प्रक्रिया सरल होगी और वेस्टेज पर नियंत्रण लगेगा।
बैठक में मेरील कंपनी के पदाधिकारियों ने बताया कि यह सॉफ्टवेयर मेरील कंपनी की ओर से विभाग को निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इसे न केवल एचएमआईएस बल्कि ई-सुश्रुत प्रणाली से भी जोड़ा जाएगा। विभाग के अनुसार मेरील की ओर से पहले से ही सीएचसी और पीएचसी स्तर पर ऑटो एनालाइजर और सेमी-ऑटो एनालाइजर की आपूर्ति की जा चुकी है, जिन्हें भी इस सिस्टम से जोड़ा जाएगा। साथ ही, अन्य कंपनियों की मशीनों को भी इस प्लेटफॉर्म से जोड़ा जा सकेगा।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव के साथ अपर सचिव विद्यानंद शर्मा, पंकज, डीआईसी डॉ. सिद्धार्थ सान्याल सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी और मेरील कंपनी के प्रतिनिधि मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

