यज्ञा बाबा आश्रम में श्रीकृष्ण छठी महोत्सव संपन्न
रांची, 10 सितंबर (हि.स.)। राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित आम्रकुंज के सिद्धपीठ श्री श्री 1008 यज्ञा बाबा आश्रम में गुरूवार को श्रीकृष्ण छठी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान आश्रम परिसर वृंदावन धाम की तरह भक्तिमय नजर आया और श्रद्धालुओं ने हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के जयकारे लगाए।
इस अवसर पर आश्रम के मुख्य महंत श्री भरत दास जी महाराज और मुख्य पुजारी विकास पांडेय के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच हुआ। भगवान श्री बाल गोपाल का दुग्धाभिषेक कर विधि-विधान से महापूजन और आकर्षक श्रृंगार किया गया। इस दौरान आयोजित भजन संध्या में बधाई गीतों और भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
देर शाम धूप-दीप, कपूर और वेदमंत्रों की गूंज के बीच लड्डू गोपाल की महाआरती की गई। इसके बाद आश्रम परिसर में महाप्रसाद वितरण हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में आश्रम परिवार और शहर के गणमान्य लोगों का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर आशुतोष द्विवेदी, हेमा मिश्रा, प्रतिभा सिंह, स्मिता शुक्ला, रूपम झा, सिंधु बाला, अंजलि उपाध्याय, सुनीता तिवारी, प्रमोद सिंह, सुनील कुमार, श्याम पांडेय, चंदन पांडेय और अजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

