बैसाखी और श्री गुरु अंगद देव जी के प्रकाश पर्व पर कीर्तन समागम शुरू
रांची, 18 अप्रैल (हि.स.)। बैसाखी और श्री गुरु अंगद देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा एवं गुरूनानक सेवक जत्था की ओर से कृष्णा नगर कॉलोनी गुरुद्वारा साहिब में शनिवार को विशेष दीवान सजाया गया।
दीवान की शुरुआत स्त्री सत्संग सभा की शीतल मुंजाल की ओर से सबना का मां पयो आप है मां पयो आप है... शबद गायन से हुई। हजूरी रागी जत्था भाई महिपाल सिंह जी ने आजु हमारे गृह वसंत गुन गाए प्रभ तुमी अनंत...और थिर घर वैसहु हर जन पिआरे सतगुरु तुमरे काज सवारे...शबद गायन किया।
गुरुद्वारा के हेड ग्रंथी ज्ञानी जिवेन्द्र सिंह जी ने कथा वाचन कर संगत को विस्तार से बताते हुए कहा कि बैसाखी के दिन ही गुरु गोबिंद सिंह जी ने खंडे बाटे का अमृत तैयार किया और पंच प्यारों को पिलाया। इसके बाद, उन्होंने स्वयं उन पांच प्यारों भाई दया राम, भाई धर्म दास, भाई हिम्मत राय, भाई मोहकम चंद और भाई साहिब चंद से अमृत ग्रहण किया, जिससे मानवता के इतिहास में गुरु और शिष्य की समानता का एक अद्वितीय उदाहरण स्थापित हुआ। इसलिए बैसाखी के दिन को हम खालसा सिरजना दिवस के रूप में मनाते हैं।
देह शिवा वर मोहे इहे शुभ करमन ते कबहुं न टरों...
कीर्तन समागम में विशेष रूप से शिरकत करने पहुंचे सिख पंथ के प्रसिद्ध कीर्तनी जत्था भाई सरबजीत सिंह जी पटना साहिब वाले ने देह शिवा वर मोहे इहे शुभ करमन ते कबहुं न टरों...शबद गायन कर संगत को गुरुवाणी से जोड़ा। उन्होंने बीच-बीच में साध संगत को वाहे गुरु का जाप भी कराया।
श्री अनंद साहिब जी के पाठ, अरदास हुकुम नामा और कढ़ाह प्रसाद वितरण के साथ विशेष दीवान की समाप्ति हुई। इस मौके पर सत्संग सभा की ओर से श्रद्धालुओं के बीच गुरु का अटूट लंगर चलाया गया। मंच संचालन गुरु घर के सेवक मनीष मिड्ढा ने किया।
सत्संग सभा के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने बताया कि लंगर की तैयारी में सब्जी काटने की सेवा के लिए स्त्री सत्संग सभा की महिला श्रद्धालु जुटी थी। उन्होंने बताया कि दो दिवसीय गुरमत समागम का दूसरा और अंतिम दीवान रविवार की सुबह 11 बजे से दोपहर ढाई बजे तक सजाया जाएगा।
दीवान में सत्संग सभा के अध्यक्ष अर्जुन देव मिड्ढा, सचिव सुरेश मिढ़ा, बिनोद सुखीजा, सूंदर दास मिढ़ा, हरविंदर सिंह बेदी, लेखराज अरोड़ा, अमरजीत गिरधर, अशोक गेरा, कवलजीत मिड्ढा, नीरज गखड़, किशन गिरधर सहित अन्य शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

