home page

छठी मइया के भक्ति गीतों से गूंजे घर-आंगन, खरना पूजा संपन्न

 | 
छठी मइया के भक्ति गीतों से गूंजे घर-आंगन, खरना पूजा संपन्न


रामगढ़, 14 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन शनिवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ खरना पूजा संपन्न हुई। सुबह से ही व्रती महिलाओं ने पूजा की तैयारियां शुरू कर दी थीं। दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण किए और विधि-विधान से भगवान सूर्य तथा छठी मइया की पूजा-अर्चना की। इसके बाद गुड़ और चावल से तैयार पारंपरिक खीर, रोटी और फल का भोग लगाया गया।

खरना के प्रसाद के साथ शुरू हुआ निर्जला व्रत

खरना पूजा के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया और परिवार के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया। इसी के साथ व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो गया। अब व्रती रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

छठ घाटों पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

पहले अर्घ्य को लेकर रामगढ़ के दामोदर नदी, बिजुलिया तालाब, हरहरी नदी सहित विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है। व्रती परिवार के सदस्यों के साथ छठ घाट पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। इधर, घरों से लेकर बाजारों तक छठी मइया के भक्तिगीतों की गूंज सुनाई दे रही है। पूरा वातावरण छठमय हो गया है। महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश