खड़गे से मिले स्वास्थ्य मंत्री, रिम्स-2 समेत स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों की दी जानकारी
रांची, 10 जुलाई (हि.स.)।
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शुक्रवार नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से शिष्टाचार मुलाकात कर राज्य में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं, संगठनात्मक गतिविधियों और जनहित में किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी साझा की।
उन्होंने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माण्यम से बताया कि खड़गे को मंत्री ने खास तौर पर एशिया के सबसे बड़े प्रस्तावित रिम्स-2 अस्पताल सहित स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे बदलावों से भी अवगत कराया। मुलाकात के दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंत्री के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनता की सेवा इसी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ जारी रखें तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य के विकास के लिए मिलकर कार्य करें। उन्होंने जनसेवा के प्रति समर्पित प्रयासों को आगे भी जारी रखने का संदेश दिया।
इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित रिम्स-2 परियोजना झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। इसके निर्माण से राज्य के लोगों को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं अपने ही प्रदेश में उपलब्ध होंगी और गंभीर उपचार के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम होगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे का मार्गदर्शन और आशीर्वाद उन्हें जनसेवा के प्रति और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

