कारगिल विजय दिवस पर मेयर ने अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
धनबाद, 26 जुलाई (हि.स.)। 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को धनबाद में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मेयर संजीव सिंह शामिल हुए। अखिल भारतीय सैनिक सेवा परिषद की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर मेयर ने कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर ने कहा कि कारगिल के रणबांकुरों का अदम्य साहस, अद्वितीय शौर्य और सर्वोच्च बलिदान देश की आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों ने विपरीत परिस्थितियों में जिस वीरता और पराक्रम का परिचय दिया, वह राष्ट्र के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है।
मेयर ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर वीरों के प्रति पूरा राष्ट्र सदैव कृतज्ञ रहेगा। उनका बलिदान देशवासियों को राष्ट्रभक्ति, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता रहेगा।
कार्यक्रम में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा “जय हिंद” और “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ वीर जवानों के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा

